रामपुर में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यक्रम में विरोध प्रदर्शन कर रही हैं लड़कियों पर लाठी चार्ज किया गया है। ये लड़कियां कन्या विद्या धन में धांधली का विरोध कर रही थीं।
इनका आरोप था कि मुरादाबाद मंडल में कन्या विद्या धन के लिए कई पात्र लड़कियों का चयन नहीं किया गया है। जिन लड़कियों को चेक बांटा जा रहा है, उनकी लिस्ट सपा के नेताओं ने तैयार की है।
उल्लेखनीय है कि कन्या विद्याधन के तहत मंडल में 16,322 छात्राओं को तीस-तीस हजार रुपये के चेक दिया जाना है।
अखिलेश यादव आज ही 'हमारी बेटी उसका कल' योजना का उद्घाटन करेंगे। अल्पसंख्यक विभाग की ओर से दसवीं उत्तीर्ण अल्पसंख्यक छात्राओं की आगे की पढ़ाई के लिए यह योजना शुरू की गई है।
इससे पहले बिजनौर की डीएम ने कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाली लड़कियों के काले कपड़े पहनने, जींस-टॉप पहनने पर रोक लगा दी थी।
डीएम सारिका मोहन ने आदेश दिया था कि कार्यक्रम में काला कपड़ा, जींस-टॉप और काला बुर्का नहीं चलेगा और मोबाइल लाने पर भी रोक रहेगी।