मराठी हितों के प्रवक्ता और हिन्दू हृदय सम्राट कहलाने वाले बाला साहब ठाकरे के अंतिम संस्कार के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
रविवार को उनके अंतिम संस्कार के लिए मुंबई पुलिस के 20 हजार जवानों के अलावा एसआरएफ की 15 बटालियन और 3 बटालियन रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें 5 हजार महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
बाला साहब की अंतिम यात्रा सुबह सात बजे मातोश्री से निकलेगी और दादर स्थित शिवसेना भवन तक ले जाई जाएगी। वहां कुछ देर रूकने के बाद अंतिम यात्रा साढ़े नौ बजे शिवाजी पार्क पर जाकर समाप्त होगी। यहीं पर बनाए गए एक विशेष मंच पर उनका पार्थिव शरीर लोगों के दर्शन के लिए रखा जाएगा।
6 बजे वहीं पर उनका अंतिम संस्कार होगा। मुंबई के सारे शिवसेना शाखाओं पर लगाई गई सूचनापट्ट पर शिवसेना के नेताओं, कार्यकर्ताओं और शिवसैनिकों को सुबह 6 बजे आने को कहा गया है। शिवाजी पार्क तक बाला साहब ठाकरे के अंतिम दर्शन के लिए इन शाखाओं की ओर से बसों का इंतजाम किया गया है।
अनुमान है कि रविवार को मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र से 5 से 7 लाख लोग बाला साहब के अंतिम दर्शन के लिए आ सकते हैं। पुलिस ने शनिवार को रात में 10 बजे शिवाजी पार्क को अपने कब्जे में ले लिया है और वहां पर 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। जहां लोकल ट्रेनों की सेवा सामान्य रहेंगी वहीं बेस्ट ने अपनी बस सेवा में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है।
प्रशासन की ओर से मुंबई के आम लोगों से अपील की गई है कि वे बिना काम के घरों से बाहर ना निकलें और बान्द्रा से दादर की ओर से जाने से बचें। वहीं रविवार को मुंबई की सड़कों पर 35 हजार टैक्सियां और 80 हजार ऑटो रिक्शा बंद रहेंगे।
आम मुंबईकरों की सुविधा के लिए बेस्ट प्रशासन ने अपनी सेवा में 20 प्रतिशत खेप बढ़ाने का ऐलान किया है। रविवार को मुंबई के सारे सिनेमा घरों के शो भी बंद रहेंगे। फिल्मों और टीवी धारावाहिकों की शूटिंग भी स्थगित कर दी गई है।