शिवसेना सुप्रीमो के एक बार ‘थांबा’ (ठहरो) कहने पर दौड़ती-भागती मुंबई थम जाती थी। वही उनके अंतिम संस्कार के समय भी थम-सी गई। मुंबई में सड़कों पर सबसे ज्यादा जनसैलाब गणपति विसर्जन पर दिखता है, लेकिन अब जनसागर का कीर्तिमान बाला साहब के नाम हो गया।
जिस प्रकार गणपति विसर्जन के समय ‘गणपति बप्पा मोरया... पुढच्या वर्षी लवकर या’ यानी गणपति भगवान अगले वर्ष जल्दी आओ से आसमान गूंजता है उसी तरह रविवार को शिवाजी पार्क में बाला साहब के अंतिम संस्कार के समय ‘परत या परत या, आमच्या बाला साहेब परत या’ यानी लौट के आना, लौट के आना, हमारे बाला साहेब फिर से आना का नारा गूंज रहा था।
रविवार की शाम को उधर अरब सागर में सूर्यास्त हो रहा था और इधर शिवाजी पार्क में मराठा माणुस के सूर्य माने कहलाने वाले ठाकरे को उनके बेटे उद्धव ने मुखाग्नि देकर महाप्रयाण की ओर विदा किया। जिस समय उद्धव अंतिम संस्कार की विधि कर रहे थे उतनी देर तक राज ठाकरे अपने चाचा के पार्थिव शरीर के सिरहाने मौन खड़े थे।
मुखागिभन के पहले उद्धव राज का हाथ थाम कर आए और दोनों भाइयों ने बारी-बारी से धार्मिक रस्में निभाई। दोनों ने बाला साहब के पैर छूकर आखिरी नमन किया। बाला साहब के बड़े बेटे जयदेव ने भी पिता के पैर छुए। फिर पूरे ठाकरे परिवार ने अपने मुखिया को नमन किया और पार्थिव शरीर को चिता पर रखा गया।
फफक-फफक कर रो पड़े राज
- मुंबई पुलिस की टीम ने बाला साहब को गार्ड ऑफ आनर दिया और 21 बंदूकों की सलामी दी और मातमी धुन बजाकर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। इस दौरान पहली बार राज ठाकरे अपने आंसू जो वह सुबह से छुपा रहे थे नहीं रोक सके और फफक-फफक कर रो पड़े।
आम से खास तक ने दी श्रद्धांजलि
- आम से लेकर खास तक ने बाला साहब को श्रद्धांजलि दी। राजनेता, अभिनेता और उद्योगपति भी श्रद्धा-सुमन अर्पित करने आए। श्रद्धांजलि देने वालों में लालकृष्ण आडवाणी, शरद पवार, नितिन गडकरी, पृथ्वीराज चव्हाण, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, डॉ. मुरली मनोहर जोशी, प्रफुल्ल पटेल, गोपीनाथ मुंडे, मेनका गांधी, शाहनवाज हुसैन, प्रकाश जावडे़कर, राजीव शुक्ला, छगन भुजवल, आरआर पाटिल, कृपाशंकर सिंह, संजय निरुपम, प्रिया दत्त, सुप्रिया सुले, नसीम खान, राम नाइक, रामदास अठावले, मनोहर जोशी, राम जेठलमानी, अनिल अंबानी, अमिताभ बच्चन, सुभाष चंद्रा, वेणु गोपाल धूत, किरण शांताराम, रितेश व अमित देशमुख, स्मृति ईरानी, महेश मांजेकर,नाना पाटेकर और संजय दत्त शामिल थे।