योग गुरु बाबा रामदेव अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। इन दिनों वो सियासी रंग में रंगे हुए हैं। भाजपा का समर्थन कर रहे हैं और उनका कहना है कि नरेंद्र मोदी ही काला धन वापस ला सकते हैं।
हाल में दिल्ली में आयोजित बाबा रामदेव के योग शिविर में नरेंद्र मोदी भी पहुंचे और उनके साथ योग किया। हालांकि, इस कार्यक्रम पर चुनाव आयोग की टेढ़ी नजर भी पड़ी।
लेकिन इस बार बाबा रामदेव दूसरी वजह से खबर में हैं। मामला सियासी नहीं, गोमूत्र से जुड़ा है। उनकी पतंजलि संस्था ने गोमूत्र की जांच के बाद एक नया खुलासा किया है।
गोमूत्र में सोने के अंश मिलने का खुलासा
इन दिनों बाबा रामदेव मोदी और भाजपा के प्रचार-प्रसार वाले ट्वीट करते रहते हैं, लेकिन इनके बीच एक अलग तरह का ट्वीट आया। योग गुरु ने इसमें लिखा था, "हमें पतंजलि के क्लीनिकल रिजल्ट में गोमूत्र की जांच में सोने (एयू) के अंश मिले हैं।"
बाबा रामदेव ने इस ट्वीट के साथ एक सर्टिफिकेट की स्कैन कॉपी भी डाली, जिसमें सर्टिफिकेट ऑफ एनालिसिस का पत्र इस बात की तस्दीक करता दिख रहा है।
दरअसल, बाबा रामदेव और उनकी संस्था लंबे वक्त से गोमूत्र के औषधीय गुणों की बात कहती आई है। लेकिन गोमूत्र की जांच में सोने के अंश पाए जाने की बात कुछ नई लगी।
सोने की मात्रा काफी कमः बालकृष्ण
जब इस बारे में संपर्क किया गया, तो बाबा रामदेव के करीबी सहयोगी आचार्य बालकृष्ण ने अमर उजाला से इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा, "यह बात सही है। हमें गोमूत्र में न केवल सोने के अंश, बल्कि कुछ अन्य मिनरल्स भी मिले हैं।"
आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि इस जांच में गोमूत्र के सभी अंशों की पड़ताल को अलग-अलग करके की गई है। इस जांच में सभी अंशों को पहले, दूसरों से अलग किया गया, फिर उनकी जांच की गई।
उन्होंने कहा, "इस टेस्ट में हमें गोमूत्र में सोने की मात्रा मिली है, हालांकि यह बेहद कम है। गोमूत्र में सोने के अंश मिले होने की बातें पहले भी आती रही हैं, लेकिन यह हमारे जिज्ञासा का विषय बना रहा है।"
विश्वसनीय रिपोर्ट होने का दावा
आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि इन टेस्ट की सारी रिपोर्ट हमारे पास है और वे सभी विश्वसनीय हैं। कोई भी चाहे, तो इनकी पड़ताल कर सकता है। उन्होंने कहा, "पहले कई रिसर्च में कहा गया है कि गोमूत्र में सोने के अंश होते हैं। लेकिन हम सभी अंशों को अलग कर जांच करना चाहते थे।"
उन्होंने कहा, "सोने के अलावा इसमें एक तत्व एलनटाइन भी पाया गया है, जो अल्जाइमर जैसी न्यूरो समस्याओं में काफी काम आ सकता है। दरअसल, प्राकृतिक रूप में इस तत्व का इतनी मात्रा में मिलना शानदार है।"
आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि गोमूत्र में इसके अलावा आयरन मिला है। साथ ही और भी कम्पाउंड हैं। ऐसे में यह एक बार फिर साबित करता है कि गोमूत्र सेहत के लिए कितना फायदेमंद हो सकता है।
क्या होगा फायदा?
हालांकि, डॉक्टरों का एक तबका यह भी मानता है कि धातु वाली दवाएं या दूसरी चीजें अगर जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल की जाएं, तो नुकसान भी पहुंचा सकती हैं।
होम्योपेथिक डॉक्टर शबाना आजमी ने बताया कि उनके जिन मरीजों को किडनी की जरा भी समस्या होती है, उन्हें वो ऐसी दवाएं देने से बचती हैं, जिनमें किसी भी तरह की धातु मिली हों।
अब देखना दिलचस्प होगा कि गोमूत्र में सोना मिला होना सेहत के लिए कितना फायदेमंद साबित होता है। लेकिन यह मामला दिलचस्प है कि गोमूत्र में सोने के अंश भी हैं।