धर्मांतरण के मुद्दे पर संघ सुप्रीमो मोहन भागवत के बयान पर प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले यह तय हो जाए कि कौन किसके घर जा रहा है?
आजम ने कहा कि यह तो होना ही था। आरएसएस की हुकूमत बने और कोई विवाद न हो। निशाना तो मुसलमान ही हैं, इसमे हैरत की कोई बात नहीं है।
आजम खां ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के धर्मांतरण विरोधी कानून बनाए जाने की बात पर कहा कि कानून से संविधान नहीं बनता है। संविधान से कानून बनता है। भाजपा इस स्थिति में नहीं है कि वह संविधान को बदल सके। संविधान की मूल भावना को बदलने के लिए बहुत कुछ करना पड़ेगा।
कुछ संगठनों की ओर से नाथूराम गोडसे की प्रतिमा लगाए जाने बात पर आजम खां ने कहा कि सरकार जिसे चाहे देशभक्त कहे। जिसे चाहे देशद्रोही बना दें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ताजमहल को मंदिर बता रहे हैं। बाबरी मस्जिद को भी मंदिर बताकर गिरा दिया गया था। ताजमहल का हश्र भी यही होने वाला है।
संघ पर निशाना साधते रहे हैं आजम
उत्तर प्रदेश के कबीना मंत्री मो. आजम खां ने शनिवार को बरेली में कहा था कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) देश के पहला आतंकवादी संगठन है। हत्या वह भी बापू की? ऐसा करने वाला देश का पहला आतंकवादी था। नाथूराम गोडसे संघ से ही संबंधित था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीयत साफ है तो वह संघ को प्रतिबंधित करें।
मो. आजम खां शनिवार शाम को बरेली में एक निजी अस्पताल में भरती उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष खलीज अतहर अशरफी को देखने पहुंचे थे और सर्किट हाउस में मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश में प्रेसीडेंसियल सिस्टम लागू करना चाहते हैं और संविधान बदलना चाहते हैं। इस समय संघ और प्रधानमंत्री मोदी के बीच इंकलाब चल रहा है। दिखावे के लिए इस्तीफे की पेशकश की चर्चा सामने आई है। असल में ऐसा कुछ नहीं है। होता तो धर्मपरिवर्तन के मुद्दे पर जो बयानबाजी हुई है, उस पर वह चुप नहीं रहते। संसद के किसी एक सदन में भी तो बोलते। वो दिल नहीं देश तोड़ने की बात करते हैं।
संघ प्रमुख द्वारा धर्मांतरण पर कानून बनाने के बयान पर उन्होंने कहा कि कानून संविधान से छोटा होता है। संविधान के दायरे में ही कानून बनते हैं जबकि संघ तो संविधान की मूल भावना के खिलाफ है।
'आजम खान आतंकवादी से कम नहीं'
केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान ने कहा कि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खान किसी आतंकवादी से कम नहीं हैं। ऐसे भड़काऊ बयान देने वाले मंत्री को बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए। मुजफ्फरनगर कांड की सीबीआई जांच करा ली जाए तो आजम खान जेल के भीतर होंगे। चौधरी चरण सिंह के असली उत्तराधिकारी हम हैं और हम ही उनका स्मारक बनवाएंगे।
कैलसा बार्डर पर रविवार को आयोजित किसान सम्मेलन के बाद पत्रकार वार्ता में एक सवाल के जवाब में डा. संजीव बालियान ने कहा कि आजम खान भगौड़े हैं। तभी तो मुजफ्फरनगर का प्रभारी मंत्री होने के बावजूद एक बार भी वहां नहीं गए। दंगों में भी उनका नाम आता है। वह किसी आतंकवादी से कम नहीं है। प्रदेश सरकार को ऐसे मंत्री को बर्खास्त कर राजनीति से बाहर कर देना चाहिए।
चौधरी चरण सिंह पर बोलते हुए कहा कि उनके असली उत्तराधिकारी हम हैं। बाकी केवल राजनीति चमकाने का काम कर रहे हैं। उनका स्मारक केवल बंगले को बचाने के लिए बनाया जा रहा था। भाजपा की प्रदेश में सरकार आने पर चौधरी चरण सिंह का स्मारक हम ही बनवाएंगे। केंद्र के आह्वान पर प्रदेश सरकार एपीएमसी एक्ट लागू कर किसान मंडी बनाए। जिसमें किसान अपनी फसल को बेच सके। इससे किसानों को फायदा होगा। लेकिन प्रदेश सरकार ऐसा नहीं कर रही है।