उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां के इस्तीफे पर अभी सस्पेंस बरकार है।
आजम खां ने सपा मुखिया मुलायम से किसी तरह का मतभेद होने से तो इंकार किया है, लेकिन मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिए जाने पर उन्होंने साफ-साफ कुछ नहीं कहा। इस पर पूछे जाने पर आजम खां ने कहा कि चैनलों पर जो खबर चल रही है, उस पर अभी उनको कुछ नहीं कहना है।
मंगलवार को दोपहर बाद से ही आजम खां के मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिए जाने की खबरें आ रही थीं। हालांकि इसकी पुष्टि कोई नहीं कर रहा था। आजम खां भी लखनऊ से रामपुर के लिए रवाना हो चुके थे। वो मंगलवार की रात लगभग 10.30 बजे वाराणसी-देहरादून एक्सप्रेस से रामपुर पहुंचे।
आजम खां इस्तीफे की खबर आने के बाद उनके समर्थक बड़ी संख्या में रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। आजम खां के ट्रेन से उतरते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखकर आजम खां के साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने उनको जैसे-तैसे रेलवे स्टेशन से निकाला।