लोकसभा चुनावों की गर्मी के बीच रविवार को भारतीय जनता पार्टी डॉट कॉम के डोमेन नेम की नीलामी होने जा रही है। देश की नामी पार्टियों कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और आप के डोमेन नेम भी नीलाम किए जा रहे हैं।
चाहें तो आप भी इन्हें खरीद सकते हैं। दुष्प्रचार से बचने के लिए कई पार्टियां भी इन्हें अपने हक में करने में जुट गई हैं।
असल में इंटरनेट पर प्रचार-प्रसार को वेबसाइट बनाने के लिए डोमेन नेम जरूरी होता है। इसके माध्यम से वेबसाइट बनाकर कोई भी कंपनी अपना प्रचार कर सकती है। हाल ही में कई ऐसे लोग सामने आए हैं जिन्होंने राजनीतिक पार्टियों के नाम के डोमेन नेम खरीद रखे हैं। अब ये इनकी नीलामी कर रहे हैं।
इसलिए जरूरी है डोमेन नेम
डोमेन नेम से बनाई गई वेबसाइट एक तरह से पहचान है। यदि किसी विरोधी के पास यह डोमेन नेम पहुंच जाए तो उसका दुरुपयोग किया जा सकता है। कुछ समय पहले एक मामला सामने आया था कि बीजेपी.कॉम की वेबसाइट पर कांग्रेस की सामग्री पोस्ट की जा रही थी। इसमें भारतीय जनता पार्टी के बारे में काफी दुष्प्रचार किया गया था।
ये हैं डोमेन नेम के रेट
www.bhartiyajantaparty.com, .in, .org, .net, .co, .info - Rs. 7,00,000
www.samajwadiparty.com - Rs. 61,72,777
www.rahulgandhi.com - Rs. 3,08,641
www.aamadmi.com - Rs. 49,320
बीजेपी ने किया संपर्क
भारतीय जनता पार्टी के कुल छह डोमेन नेम के ऑनर छत्तीसगढ़ निवासी मोहित साहू ई मार्केटिंग का काम करते हैं। मोहित ने बताया कि काफी समय पहले उन्होंने इन डोमेन नेम को अपने प्रयोग के लिए खरीदा था, लेकिन जब वह इसका उपयोग नहीं कर सके तो इन्हें बेचने का निर्णय लिया।
इसकी जानकारी होने पर भारतीय जनता पार्टी के मीडिया सेल प्रभारी ने उनसे संपर्क किया है। इसके साथ ही अन्य पार्टियों के डोमेन नेम ऑनर भी हैं जो इन्हें बेचने जा रहे हैं। इनकी नीलामी छह अप्रैल को होगी।
इसके बारे में www.credibleworld.in पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।