क्या सेलेब्रिटी होने की वजह से बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को हिट एंड रन केस में जमानत मिली थी? ये सवाल इसलिए क्योंकि एमआईएम के अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सलमान खान को इसी मुद्दे पर घेरने की कोशिश की है।
ओवैसी ने कहा कि सलमान खान एक एक्टर हैं शायद इसीलिए उन्होंने हिट एंड रन के केस में एक स्थानीय अदालत द्वारा पांच साल की सजा सुनाए जाने महज कुछ घंटे भीतर ही बंबई हाईकोर्ट से जमानत मिल जाती है।
ओवैसी ने ये बातें हिंदी समाचार चैनल एबीपी न्यूज के खास कार्यक्रम प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। ये कोई पहला मौका नहीं है जब ओवैसी ने सलमान खान पर निशाना साधा हो।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन (एमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असद्दुदीन ओवैसी ने अप्रैल में मुंबई में अपनी पार्टी के नेता के प्रचार के दौरान सलमान पर टिप्पणी करते हुए बेवड़ा तक कह दिया था। हालांकि ओवैसी ने उस वक्त सीधे तौर पर सलमान का नाम नहीं लिया था।