अरविंद केजरीवाल की पार्टी का एजेंडा जारी कर दिया गया है, लेकिन पार्टी के नाम की घोषणा 26 नवंबर को की जाएगी। केजरीवाल और उनके साथियों ने दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के दिन अपनी राजनीतिक पारी शुरु करने का ऐलान किया।
अब 'मैं हूं आम आदमी' टोपी
केजरीवाल ने ईमानदारी की कसमों और ' मैं हूं आम आदमी' के नारे के साथ दिल्ली में चुनावी राजनीति के मैदान में कदम रखा है। इस बार इंडिया अंगेस्ट करप्शन के वर्कर्स नई टोपी में नजर आए। उनकी टोपी पर 'मैं हूं आम आदमी' लिखा नजर आया। इससे पहले जब अन्ना और अरविंद केजरीवाल मिलकर जनलोकपाल आंदोलन चला रहे थे, उस समय टोपी पर 'मैं हू अन्ना' लिखा नजर आता था। अन्ना से अलग होने के बाद टोपी पर 'मैं हूं केजरीवाल' लिखा नजर आने लगा।
संजय ने विश्वास पर साधा निशाना
कुमार विश्वास ने कहा कि वे केजरीवाल की राजनीतिक पार्टी के सदस्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनमें केजरीवाल और सिसोदिया जैसी क्षमता नहीं है। वे बाहर रहकर कविताओं से प्रेरणा देंगे। विश्वास के बयान पर संजय सिंह ने कहा कि आपको फैसला करना होगा कि साथ रहेंगे या नहीं। सिर्फ समर्थन से बात नहीं बनेगी।
केजरीवाल से मतभेद नहीं: अन्ना
अन्ना हजारे ने कहा है कि अगर अरविंद केजरीवाल चांदनी चौक से केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल के खिलाफ चुनाव लड़ते हैं तो वे उनका समर्थन करेंगे। साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने आंदोलन को नई धार देने के लिए अपनी नई टीम बनाने में जुटे अन्ना ने कहा है कि केजरीवाल से उनका कोई मतभेद नहीं है। सिर्फ उनके रास्ते अलग-अलग हैं और केजरीवाल का रास्ता भी सही है।