पंजाब के जीरकपुर से पकड़ी गई 130 करोड़ रुपये की हेरोइन खेप मामले में विवादों में आए ओलंपिक पदक विजेता बॉक्सर विजेंदर सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। विजेंदर के करीबी दोस्त राम सिंह ने दावा किया है कि वह और विजेंदर शौकिया तौर पर थोड़ी मात्रा में कुछ एक बार ड्रग्स ले चुके हैं।
उन दोनों को यह ड्रग्स मामले के मुख्य आरोपी एनआरआई अनूप सिंह काहलों ने मुहैया कराई थी। वहीं, काहलों ने शुक्रवार रात हिरासत में आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि वह खतरे से बाहर है।
पंजाब पुलिस के सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में बॉक्सर राम सिंह ने बताया कि 1 जनवरी से 26 फरवरी के बीच उसने और विजेंदर ने 2-3 बार ड्रग्स ली थी। काहलों उन्हें एक से तीन ग्राम ड्रग्स देता था। उसने कहा कि विजेंदर ड्रग डीलर काहलों को रूबी के नाम से जानते हैं। विजेंदर ने पहली बार ड्रग्स तब ली थी जब वे दोनों गाड़ी से चंडीगढ़ से पटियाला जा रहे थे।
राम सिंह ने बताया कि काहलों ने उसे सबसे पहले दिसंबर में दो ग्राम ड्रग्स दी थी, लेकिन उसने कोई पैसा नहीं लिया था। उसने दावा किया कि वह और विजेंदर ड्रग्स के लती नहीं हैं। उसने यह भी कहा कि हमने ड्रग्स लेकर कभी किसी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया। पुलिस ने राम सिंह से शनिवार को भी पूछताछ की। पुलिस काहलों की कॉल डिटेल खंगाल रही है, ताकि पता चल सके कि विजेंदर और राम सिंह उसके संपर्क में थे या नहीं।
वहीं, फतेहगढ़ साहिब के एसएसपी एचएस मान ने शनिवार को बताया कि सिटी थाने में बंद काहलों ने आत्महत्या का प्रयास किया। शुक्रवार को उसे नहाने के लिए एक बाल्टी दी गई थी। बाल्टी के हैंडिल के हल्के नुकीले किनारे से उसने अपनी कलाई की नस काटने की कोशिश की। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उसकी इस कोशिश को नाकाम कर दिया। उसे मामूली खरोंचें आई हैं। उसके खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, पुलिस ड्रग रैकेट के सरगना बताए जा रहे पूर्व डीएसपी जगदीश भोला की तलाश भी कर रही है।
विजेंदर का कमरा खंगाला
पुलिस ने शनिवार को एनआईएस पटियाला में राम सिंह और विजेंदर के कमरे की तलाशी ली। साथ में अन्य बॉक्सरों के कमरों को भी खंगाला गया। वहीं, एनआईएस ने राम सिंह को कैंप से बाहर करने की तैयारी कर ली है। बताया जा रहा है कि एनआईएस ने विजेंदर से भी मामले में जवाब मांगा है।
फतेहगढ़ साहिब के एसएसपी एचएस मान ने बताया कि विजेंदर को पूछताछ के लिए बुलाने को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। अब तक पकड़े गए सभी छह आरोपियों से पूछताछ चल रही है। विजेंदर की पत्नी की कार वहां कैसे पहुंची इसकी जांच चल रही है।