महानगर से सटी विधाननगर की एक अदालत ने पूर्व फुटबॉलर और तृणमूल कांग्रेस सांसद प्रसून बनर्जी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। उनके खिलाफ यह वारंट एक पुलिस वाले को तमाचा मारने के मामले में जारी हुआ है।
प्रसून ने बीती 14 जनवरी को लेक टाउन में एक ट्रैफिक कांस्टेबल को कथित रूप से थप्पड़ मार दिया था।
उसका कसूर सिर्फ यह था कि उसने बनर्जी की कार को गलत लेन में जाने से रोका था। इस मामले में 15 जनवरी को प्रसून के खिलाफ एक मामला दायर किया गया था।
लेकिन इसकी सुनवाई के दौरान किसी भी तारीख पर सांसद अदालत में हाजिर नहीं हुए। इसके बाद ही विधाननगर की सहायक मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने सांसद के खिलाफ वारंट जारी करते हुए पुलिस को उनको गिरफ्तार कर 17 जुलाई से पहले पेश करने का निर्देश दिया है।