खाकी वर्दी फिर दागदार हुई। बंगलुरु में एक महिला के बलात्कार करने का आरोप लगाने के बाद हाई ग्राउंड्स पुलिस थाने से संबद्ध एक सब-इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया। मामले की जांच जारी है।
इल्जाम लगाने वाली पूर्व सैन्य अधिकारी की पत्नी हैं। महिला और निलंबित पुलिसकर्मी राघवेंद्र भजंतरी को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आयुक्त राघवेंद्र एच ओरदकर ने निलंबन के आदेश जारी किए हैं।
मीडिया के बातचीत में पुलिस कमिश्नर ओरदकर ने कहा, 'इस सिलसिले में विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मैं और कुछ नहीं कहना चाहता, क्योंकि वरिष्ठ अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं।'
शीर्ष पुलिस अफसरों को शक है कि यह मामला विवाहेत्तर संबंधों के गड़बड़ाने का भी हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक शिकायत करने वाली महिला आरोपी को तीन साल से ज्यादा वक्त से जानती है।
सूत्रों ने बताया, 'महिला की मुलाकात सब-इंस्पेक्टर से पहली बार तब हुई, जब वह गंदे मैसेज भेजने को लेकर कुछ तत्वों के खिलाफ शिकायत कराने हाई ग्राउंड्स थाने आई थी। दोनों में दोस्ती हो गई और सैकड़ों मैसेज का आदान-प्रदान होने लगा।'
इन मैसेज में यह तक पूछा जाने लगा कि आपने खाना खाया या नहीं, आज क्या पहना है, जो घड़ी मैंने तोहफे में दी थी, तुम वह क्यों नहीं पहनते?
मामला काबू से बाहर तब हुआ, जब इस साल की शुरुआत में राघवेंद्र की शादी हो गई है। इसके बाद उसने महिला से दूरी बनानी शुरू कर दी, जिससे महिला खफा हो गई।