पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम का पार्थिव शरीर बुधवार को रामेश्वरम रवाना कर दिया गया। पालम हवाई अड्डे पर वायुसेना के विशेष विमान से पार्थिव शरीर को मदुरै भेजा गया, वहां से उसे अंतिम संस्कार के लिए रामेश्वरम ले जाया जाएगा। इस अवसर पर पालम हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री वैंकेया नायडू, भाजपा नेता शहनवाज हुसैन समेत कई महत्वपूर्ण शख्सियतें मौजूद थीं।
कलाम का सोमवार को शिलांग में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को किया जाएगा।
मिसाइलमैन और जनता के राष्ट्रपति के रूप में मशहूर दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति को मंगलवार को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई अतिविशिष्ट हस्तियों ने पालम एयरपोर्ट पर ही पूर्व राष्ट्रपति के पार्थिव शरीर को पुष्पांजलि अर्पित की।
राजधानी के 10 राजाजी मार्ग स्थित सरकारी आवास पर कलाम के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शनों के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस जनसैलाब का हिस्सा देश की विशिष्ट हस्तियों के साथ आम जनता भी बनी।
देश भर ने अश्रुपूर्ण भावभीनी श्रद्धांजलि दी
पूर्व राष्ट्रपति की इच्छानुसार उनके पार्थिव शरीर को बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे उनके गृह नगर रामेश्वरम में पूरे राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द ए खाक किया जाएगा। अंतिम संस्कार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी कैबिनेट के सदस्यों के साथ सभी दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। इससे पहले केंद्रीय कैबिनेट की मंगलवार सुबह विशेष बैठक बुलाकर पीएम मोदी ने देश की ओर से पूर्व राष्ट्रपति को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
वायुसेना के विशेष सुपर विमान सी130 जे से मंगलवार दोपहर कलाम का पार्थिव शरीर पालम एयरपोर्ट पर लाया गया। एयरपोर्ट से पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए 10 राजाजी मार्ग स्थित पूर्व राष्ट्रपति के सरकारी आवास पर लाया गया। यहां गमगीन माहौल में हजारों लोगों ने पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए।
भारत रत्न, वैज्ञानिक और दार्शनिक डॉ. कलाम को मर्माहत देश ने अश्रुपूर्ण भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों में आम और खास का भेद मिट गया। एक तरफ जहां पीएम, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सहित तमाम बड़ी हस्तियां उनके निवास पर गमगीन खड़ी दिखीं, वहीं बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कई युवाओं को भावनाओं में बहते भी देखा गया।
दुनिया के सभी शासनाध्यक्षों ने जताया शोक
प्रधानमंत्री ने अपनी श्रद्धांजलि में कलाम को महान युगद्रष्टा बताते हुए कहा कि मैंने अपना मार्गदर्शक खो दिया है। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी कलाम के निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति करार दिया।
दुनिया के सभी शासनाध्यक्षों ने कलाम के निधन पर गहरा शोक जताया है। खास बात यह है कि पूर्व राष्ट्रपति की इच्छा का सम्मान करते हुए स्कूल और कॉलेजों सहित अन्य संस्थाओं ने शोक में छुट्टी की घोषणा करने के बदले काम किया।
पूर्व राष्ट्रपति कलाम के पार्थिव शरीर को रिसीव करने पालम एयरपोर्ट खुद राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे। राष्ट्रपति, पीएम, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, रक्षा मंत्री मनोहर परिकर और सेना के तीनों अंगों के प्रमुखों सहित तमाम विशिष्ट हस्तियों ने एयरपोर्ट पर ही पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। एयरपोर्ट पर पार्थिव शरीर की प्रतीक्षा करते पीएम मोदी बेहद भावुक नजर आए।