फेसबुक पर 'प्रगाश' बैंड की लड़कियों को धमकाने के आरोप में गुरुवार को पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में 26 आरोपियों की पहचान की गई है, जिनमें से अब तक तीन को पकड़ा जा चुका है।
आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66 ए और आरपीसी की धारा 506 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि दो आरोपियों को गांदरबल से और एक को श्रीनगर से पकड़ा गया है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस महानिदेशक ने इस केस के अन्य आरोपियों का पकड़ने के लिए केंद्रीय एजेंसियों से सहयोग मांगा है। पुलिस महानिदेशक अशोक प्रसाद ने उन इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ाने के भी निर्देश दिए हैं, जहां 'प्रगाश' बैंड की लड़कियों की रिहाइश है।
उल्लेखनीय है कि रॉकबैंड 'प्रगाश' को कश्मीर के एक मौलवी ने गैर इस्लामिक करार देते हुए इसके खिलाफ फतवा जारी किया था। जिसके बाद इसके सदस्यों को फेसबुक पर धमकाया गया। धमकी मिलने के बाद इस लड़कियों ने बैंड छोड़ने का फैसला किया था।
बैंड की सदस्य गायिका और गिटारिस्ट नोमा नजीर, ड्रमर फराह दीबा और गिटारिस्ट अनिका खालिद हैं। कश्मीर में लड़कियों के इस पहले रॉक बैंड 'प्रगाश' की ये पहल कई लोगों को रास नहीं आ रही थी।
हालांकि बैंड के खिलाफ दिए गए फतवे और लड़कियों को धमकाने की देश भर में आलोचना हुई। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस मामले में सख्ता कार्रवाई के निर्देश दिए थे।