सदी के महानायक अमिताभ बच्चन अब जल्द ही सीबीआई की उपलब्धियां गिनाते नजर आएंगे। सीबीआई के 50 साल पूरे होने के मौके पर एक डॉक्यूमेंट्री तैयार की जाएगी, जिसमें अमिताभ बच्चन ने वॉयस ओवर दिया है।
इसके अंग्रेजी संस्करण में अभिनेता कबीर बेदी ने अपनी आवाज दी है जबकि हिंदी संस्करण में बिग बी की आवाज है।
71 वर्षीय अभिनेता ने शनिवार को कुछ हिस्से का वॉयस ओवर किया और वह एजेंसी की पेशेवर और तकनीकी दक्षता से काफी प्रभावित हुए। याद रहे कि बोफोर्स घोटाले में अमिताभ बच्चन का नाम भी उछाला गया था।
बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा, ‘सीबीआई की डॉक्यूमेंट्री के लिए वॉयस ओवर कर रहा हूं।’ सीबीआई प्रवक्ता कंचन प्रसाद ने कहा, ‘इस फिल्म में सीबीआई से जुड़े कई नए तथ्य पता चलेंगे, जिससे आम भ्रम भी दूर होगा। यह भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार लड़ रहे अधिकारियों के अनुभवों को दर्शाएगा। ये लोग न्याय के लिए हमेशा खड़े रहते हैं।’ इस फिल्म में पुलिस कामों को मानवीय कोण से भी दिखाया जाएगा।
राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम ने हेमार्क फिल्म इंटरनेशनल के साथ मिलकर इस फिल्म को तैयार किया है।
इसका निर्देशन जाने माने निर्देशक जफर हे कर रहे हैं जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके स्टीफन अल्टर ने इसकी स्क्रिप्ट लिखी है।