चुनाव आयोग सोमवार को भाजपा महासचिव और पार्टी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के करीबी अमित शाह से विवादास्पद बयान के मामले में जवाब तलब कर सकता है।
शाह के आमचुनाव में अपमान का बदला लेने संबंधी बयान पर सियासी बवाल के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने शामली के डीएम से संबंधित भाषण की सीडी तलब कर उसे निर्वाचन सदन भेज दिया था। रविवार को निर्वाचन सदन में एक टीम में सीडी को खंगाला था।
उल्लेखनीय है कि शाह ने बीते शनिवार को एक जनसभा में अपमान का बदला लेने का आह्वान किया था। कांग्रेस सहित भाजपा विरोधी कई दलों ने इसे सांप्रदायिक राजनीति करार देते हुए शाह को गिरफ्तार करने और उनके उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। कांग्रेस ने तो इस संबंध में चुनाव आयोग केसाथ-साथ अल्पसंख्यक आयोग के समक्ष भी शिकायत दर्ज कराई थी।