भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार और राजद प्रमुख लालू यादव पर हमला बोला है। साथ ही बिहार चुनावों के लिए लामबंदी शुरू कर दी है।
उन्होंने नीतीश पर भाजपा-जदयू गठबंधन को मिले जनादेश का सम्मान न करने और विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने नीतीश और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बीच गठबंधन की आलोचना करते हुए कहा कि केवल नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ही राज्य का विकास कर सकती है।
उन्होंने लालू पर कटाक्ष करते हुए कहा कि शून्य और शून्य मिलकर शून्य ही होता है इसलिए लालू-नीतीश के मिलने से कुछ फायदा नहीं होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि बिहार में दोबारा जंगल राज न आ जाए।
भूमि अधिग्रहण अध्यादेश को लेकर विपक्ष के हमले झेल रहे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि एक इंच जमीन भी कॉरपोरेट घरानों के हाथों में नहीं दी जाएगी और जो जमीन अधिग्रहीत की जाएगी उसका इस्तेमाल गांव के विकास और किसानों को बेहतर सिंचाई की सुविधा मुहैया करवाने में की जाएगी।