प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के वक्त उनके नवरात्र व्रत रखे जाने का अमेरिका खास ख्याल रखेगा।
इस बारे में खुद व्हाइट हाउस ने कहा है कि यह कोई मुद्दा नहीं है क्योंकि उनके यहां मेहमानों के रीति- रिवाजों को आदर किया जाता है।
राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की प्रवक्ता केटलिन हेडेन ने कहा, "हम अच्छी तरह से जानते हैं कि पीएम मोदी अपनी वाशिंगटन यात्रा के दौरान उपवास पर रहेंगे। पिछले कई साल से अमेरिकी राष्ट्रपति की मेजबानी में आने वाले सभी मेहमानों के रिवाजों का सम्मान करते हुए हम काम करते हैं।"
हेडेन ने कहा, "हमारे राष्ट्रपति प्रधानमंत्री मोदी की सफल द्विपक्षीय यात्रा की उम्मीद कर रहे हैं। इसमें हम उपवास का मुद्दा किसी भी तरह से आड़े नहीं आने देंगे।"
नवरात्र उपवास के दौरान मोदी केवल तरल चीजें यानी शहद के साथ नींबू-पानी और रोजाना एक कप चाय लेते हैं। हालांकि व्हाइट हाउस ने यह ब्योरा देने से इनकार कर दिया कि 29 सितंबर को ओबामा की मेजबानी में होने वाले निजी रात्रिभोज में मोदी को क्या पेश किया जाएगा।