कभी बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बहुत करीबी दोस्त रहे अमर सिंह उनसे बहुत खफा हैं। बीबीसी हिंदी से एक ख़ास बातचीत में उन्होंने कहा कि उनके साथ अमिताभ ने सपा मुखिया मुलायम सिंह से भी ज्यादा बुरा किया।
राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हो चुके अमर सिंह अपने करीबियों के दूर छिटकने का दर्द कुछ ऐसे व्यक्त करते हैं-
है यही प्यार की आबरू, हम वफा करें और वो जफा करें
जो वफा भी काम न आ सके तो बताए कोई हम क्या करें।
इस बातचीत में अमिताभ बच्चन के साथ संबंधों को लेकर उन्होंने कई राज खोले। अमिताभ ने तो मुलायम सिंह से भी ज्यादा बुरा किया क्योंकि अमिताभ को मैं अपने परिवार का मानता था। उनके साथ मेरे राजनीतिक संबंध नहीं थे।
उन्होंने ऐसा केवल मेरे साथ ही किया, ऐसा नहीं है। गांधी परिवार के साथ उनके तीन पीढ़ियों के संबंध नहीं रहे। प्रकाश मेहरा, जिन्होंने 'ज़ंजीर' फ़िल्म में लेकर उन्हें महानायक बनाया, उनसे उनके संबंध नहीं रहे।
स्वर्गीय सुनील दत्त, जिन्होंने उन्हें 'रेशमा और शेरा' में वहीदा रहमान के बराबर का रोल दिया, उनसे संबंध नहीं रहे। मुंबई की सड़कों पर जब उनके रहने के लिए ठिकाना नहीं था, उन्हें सोने के लिए जिन महमूद ने जगह दी, उनके वो नहीं हुए।
महमूद कहते थे, "अमिताभ जो तुमने मेरे साथ किया और किसी के साथ मत करना। मेरे बाद वफ़ा का धोखा मत और किसी को देना, लोग करेंगे ज़िक्र तेरा तो सर मेरा झुक जाएगा।" अमिताभ बच्चन ने अमजद खान के साथ यही किया।