ज्योतिषी पर यकीन करना या न करना, किसी का व्यक्तिगत मामला हो सकता है लेकिन जब पुलिस ही ज्योतिषी के चक्कर में पड़ जाए तो बात अटपटी सी लगती है। शिवकुटी थाने में पिछले दिनों हुई चोरी के एक मामले में ज्योतिषी के कहने पर पुलिस ने एक युवक को उठा लिया।
ज्योतिषी ने कहा कि चोर का नाम ‘ब’ अक्षर से शुरू होता है और पुलिस बबलू नाम के एक युवक को उठा लाई। हालांकि लंबी पूछताछ के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं आया और बबलू को छोड़ दिया गया लेकिन इस घटना ने पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया।
असली चोर अब तक हाईटेक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं और युवक इस बात से सहमा हुआ कि कहीं पुलिस उसे दोबारा न उठा ले जाए। मामला शिवकुटी थानाक्षेत्र का है। पिछले दिनों एक एलआईसी एजेंट घर में ताला बंद करके परिवार समेत मैहर दर्शन करने गए थे।
दो दिन बाद लौटे तो पता चला कि चोर उनके घर का ताला तोड़कर नगदी और जेवर उठा ले गए हैं। एलआईसी एजेंट मुकेश तिवारी ने मामले की रिपोर्ट शिवकुटी थाने में दर्ज करा दी। मुकेश जब भी शिवकुटी पुलिस से चोरों को पकड़ने के बारे में पूछते तो पुलिस उनसे ही किसी पर शक होने और कुछ क्लू देने की बात करती।