आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) और अल कायदा मिलकर भारत में किसी बड़े हमले की साजिश रच रहे हैं। खुफिया एजेंसी से जुड़े अधिकारियों की मानें तो इन दोनों संगठनों के बीच आपसी बातचीत और पकड़े गए कुछ संदिग्धों के बयान से इस बात का अंदेशा बढ़ गया है कि भारत में किसी बड़े हमले की साजिश की जा रही है।
इस खुलासे के बाद चौकन्ने हुए खुफिया अधिकारियों के मुताबिक आतंकी संगठन भारत में सीरिया और इराक जैसे हालात पैदा करने की साजिश रच रहें है, जहां आए दिन हिंसा की वारदातें होती हैं। इसके अलावा वह विदेशियों के अपहरण की भी योजना बना रहे हैं।
भारतीय सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने जो सबूत इकट्ठा किए हैं, वह अल कायदा और आईएम के बीच मजबूत होते रिश्तों की तरफ इशारा करते हैं। देश में काम करने वाला आतंकी संगठन आईएम अब तक छोटे हमलों को ही अंजाम दे सका है, जिसमें वह प्रेशर कूकर बम जैसे हथियारों का इस्तेमाल करता है।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि दक्षिण एशिया में अपनी शाखा स्थापित करने के ऐलान के कुछ हफ्तों बाद उन्हें यह जानकारी मिली कि अल कायदा के अलावा पाकिस्तान और अफगानिस्तान में मौजूद दूसरे आतंकी संगठन आईएम के आतंकियों को बड़े हमले के लिए ट्रेनिंग दे रहे हैं।