राष्ट्रीय शिक्षा दिवस 11 नवंबर को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी बहुचर्चित आकाश-2 टैबलेट को लांच करेंगे। मानव संसाधन विकास मंत्रालय इसी दिन उच्च शिक्षा पर पहली बार कराए जा रहे ऑनलाइन सर्वेक्षण की वेबसाइट भी लांच करेगा।
लंबे विवादों के बाद डेटाविंड कंपनी द्वारा तैयार किए गए आकाश-2 की सभी ने सराहना की है। हाल ही में मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने आकाश टैबलेट के कुछ सेट केंद्रीय मंत्रियों को भी भिजवाए थे।
मंत्रालय के अनुसार ज्यादातर मंत्रियों ने आकाश को बहुत पसंद किया तथा उसे शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी उपलब्धि बताया है। एचआरडी मंत्रालय को लिखे गए पत्र में रक्षा मंत्री एके एंटनी ने आकाश को भविष्य में शिक्षा की दशा व दिशा बदलने वाला बताया है। श्रम मंत्री ने आकाश की तारीफ करते हुए इसे आईटीआई छात्रों को भी वितरित किए जाने की पेशकश की है। मंत्रियों से मिली सकारात्मक टिप्पणियों से कपिल सिब्बल व मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अफसर काफी गदगद हैं।
आकाश का निर्माण करने वाली कंपनी डेटाविंड के एक अधिकारी ने बताया कि वे आईआईटी बांबे को 20 हजार से ज्यादा आकाश-2 टैबलेट अब तक सप्लाई कर चुके हैं। इसके औपचारिक लांचिंग की उन्हें मंत्रालय से कोई जानकारी नहीं मिली है। उल्लेखनीय है कि अभी सिर्फ एक लाख टैबलेट बनाने का कांट्रैक्ट डेटाविंड को दिया गया है। पिछले बजट में हालांकि सरकार को 50 लाख आकाश टैबलेट का बजट स्वीकृत हो गया है लेकिन पहली ही लाट को लेकर विवाद तथा सफलतापूर्वक उसके वितरण में देरी के चलते आकाश के लिए नया टेंडर अभी तक जारी नहीं किया जा सका है।
मंत्रालय के सूत्रों का दावा है कि लांचिंग के तुरंत बाद आकाश की नई खेप के टेंडर जारी करने का प्रस्ताव कैबिनेट को भेज दिया जाएगा। कैबिनेट से हरी झंडी मिलने के बाद 50 लाख आकाश टैबलेट के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। मंत्रालय सूत्रों का दावा है कि देश में हर बच्चे तक आकाश टैबलेट पहुंचाने में कम से कम पांच साल का समय अभी और लगेगा।