लंबे इंतजार के बाद अब आकाश-4 का जल्द ही उत्पादन शुरू हो जाएगा। केंद्र सरकार अभी तीन कंपनियों को इसके उत्पादन का अधिकार देने जा रही है। नया आकाश टैबलेट एक जीबी रैम, वाईफाई, ब्लूटूथ के साथ ही सिम से भी लैस होगा।
चार जीबी स्टोरेज क्षमता वाले इस नए आकाश की कीमत चार हजार से भी कम रहेगी। कीमत पर अंतिम फैसला इसी हफ्ते हो जाने की उम्मीद है। अगले हफ्ते तक सरकारी स्तर पर इसकी घोषणा हो सकती है।
दुनिया का सबसे सस्ता टैबलेट
तत्कालीन मानव संसाधन मंत्री कपिल सिब्बल की पहल पर मानव संसाधन मंत्रालय की ओर से दुनिया का सबसे सस्ता टैबलेट आकाश छात्रों के लिए लाने की योजना तमाम विवादों के बाद अब जाकर हकीकत बनने की स्थिति में पहुंच पाया है।
वर्तमान में आकाश-4 के नाम से आधुनिक फीचर के साथ इस टैबलेट के निर्माण के लिए गुणवत्ता परीक्षण का जिम्मेदारी सीडैक संस्था को सौंपी गई थी।
पुराने आकाश का नया वर्जन
आकाश टैबलेट के तय मानक पर बने मॉडलों के आधार पर एक दर्जन से अधिक निर्माताओं का तकनीकी रूप से चयन कुछ माह पहले किया गया। उन्हीं में से दस संस्थाओं को आकाश के उत्पादन के लिए कीमत के लिए टेंडर किया गया।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन आपूर्ति महानिदेशालय को दस कंपनियों ने आकाश 4 के लिए जो कीमत निविदा में दी हैं, उनमें न्यूनतम कीमत 3899 रुपये ईस्ट इंडिया टेक्नालाजी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से पेश की गई है।
काफी दिनों से टल रहा था मामला
इस कीमत में उत्पाद शुल्क भी शामिल है। इससे थोड़ा ऊपर रेट कोट करने वाली दो अन्य कंपनियों आईटीआई बंगलूरू तथा आकाश-2 की आपूर्ति करने वाली कंपनी डेटाविंड इनोवेशंस प्राइवेट लिमिटेड के नाम शामिल हैं।
इन्हीं तीनों कंपनियों को न्यूनतम मूल्य पर आकाश के उत्पादन का टेंडर देने का फैसला लिया जा रहा है। आकाश 4 बनाने को इच्छुक अन्य कंपनियों में स्माइल इलेक्ट्रानिक्स, केल्ट्राम, माइक्रोमैक्स, एसआईएसएल, एग्माटेल, मोबाइल कम्युनिकेशंस, प्रगति उद्योग तथा प्राइम टेक्नालाजीज हैं।
इन कंपनियों ने अपनी ओर से 4200 से 9700 तक कीमत का प्रस्ताव दिया था। कीमत पर सरकार इन कंपनियों से भी बातचीत कर सकती है।