नरेंद्र मोदी को चाय बेचने लायक बताने वाले कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा है कि व्यक्तिगत हमले पहले उन्होंने नहीं शुरू किए। यह शुरुआत नरेंद्र मोदी ने की। अय्यर का बयान इसका जवाब है।
तमिलनाडु का दौरा कर रहे अय्यर ने कहा, मोदी ने ही कांग्रेस नेताओं के खिलाफ बदजुबानी की शुरुआत कर हमारी राजनीति का स्तर गिराया है। लिहाजा मेरे बयान को इसके जवाब से ज्यादा कुछ नहीं माना जाना चाहिए।
पिछले दिनों अय्यर ने मोदी की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा का मजाक उड़ाया था।
उन्होंने कहा था कि मोदी इस सदी में तो यह लक्ष्य नहीं हासिल सकते। वह चाय बेच सकते हैं। उन्हें ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की दफ्तर के बाहर चाय बेचने की जगह दे दी जाएगी।
कभी चाय बेचने का काम करने वाले मोदी ने इस तरह की टिप्पणी करने वाले कांग्रेसी नेताओं को सामंती मिजाज वाला करार दिया था।
तमिलनाडु का दौरा कर रहे अय्यर से कांग्रेस के दूसरी पार्टियों के गठजोड़ की कोशिशों के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि बातचीत चल रही है।
अय्यर अभिनेता से नेता बने विजयकांत के नेतृत्व वाली पार्टी डीएमडीके को गठबंधन में शामिल करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा कुछ छोटी पार्टियों को भी लुभाने की कोशिश की जा रही है।
अय्यर ने कहा कि कई पार्टियों से गठजोड़ की कोशिश की जा रही है। अगर बात नहीं बनी तो तमिलनाडु की सभी लोक सभा सीटों पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार खड़ी करेगी।