न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के एक विमान में महिला यात्री को कीड़े वाला सैंडविच परोस दिया गया। यहां तक कि महिला की शिकायत पर कोई कार्रवाई भी नहीं की गई।
सरकारी विमानन कंपनी की लापरवाही का यह एक और वाकया है, जिसके चलते लोगों का इस पर से विश्वास उठता जा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि मामला एयर इंडिया की फ्लाइट एआई102 का है। राजौरी गार्डन निवासी महिला यात्री 28 सितंबर को विमान में सफर कर रही थीं। विमान में उन्हें दिए गए सैंडविच में कीड़ा निकला। शिकायत करने पर उसके बदले दूसरा दिया गया।
भुक्तभोगी महिला ने 28 सितंबर को दिल्ली में लैंड होने के बाद इसकी शिकायत एयर इंडिया के अधिकारियों से भी की। महिला का दावा है कि 15 दिन बाद भी इस संदर्भ में हुई कार्रवाई के बारे में कोई जवाब नहीं मिला है।
इस बारे में पूछे जाने पर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि कैटरर के खिलाफ पहले ही उचित कार्रवाई की जा चुकी है।
प्रवक्ता ने घटना को बहुत ही दुर्लभ करार दिया और कहा कि हम अपना खाना बहुत ही अच्छे कैटरर से बहुत ही स्वच्छ स्थितियों में तैयार कराते हैं।