एयर इंडिया यू ट्यूब पर एयरलाइन प्रबंधन के खिलाफ अभद्र भाषा वाले वीडियो को अपलोड करने वाले पायलट के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकता है। हालांकि पायलट ने बिना किसी शर्त के माफी मांग ली और इंटरनेट से वीडियो को हटाने का वादा किया है।
एयर इंडिया के सीएमडी रोहित नंदन ने बताया कि हमने कंपनी के क्षेत्रीय जनरल मैनेजर को मामले की जांच करने और जरूरत होने पर कार्रवाई करने को कहा है। एक सवाल के जवाब में एयर लाइन के प्रमुख ने कहा कि हमने वीडियो देखा है और इसे संज्ञान में लिया है। इस बारे में पायलट से बात की गई है।
इसके पहले एयर इंडिया के सूत्रों ने कहा था कि वे इस तथ्य की जांच कर रहे हैं कि यह पायलट एयरलाइंस का है भी या नहीं। साथ ही हमें यह भी देखना है कि कहीं यह वीडियो फर्जी तो नहीं है।
‘एयर इंडिया रैप’ के शीर्षक वाले इस वीडियो में दिखाया गया है कि पायलट ड्यूटी पर जाने के लिए यूनिफार्म पहनकर तैयार हो रहा है, तभी उसे बताया जाता है कि फ्लाइट रद्द हो गई है।
अपने गाने में पायलट ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए सरकारी एयरलाइंस की दशा बताई है। पायलट ने केबिन क्रू के महिला स्टाफ के बारे में भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है।