भूमि अधिग्रहण कानून के खिलाफ समाजसेवी अन्ना हजारे की पदयात्रा इस महीने के आखिर में शुरू हो जाएगी। 23 मार्च को पंजाब स्थित शहीद भगत सिंह स्मारक का दर्शन करने के बाद 25 या 30 मार्च को अन्ना हजारे महाराष्ट्र के वर्धा स्थित सेवाग्राम में महात्मा गांधी आश्रम बापू कुटी से दिल्ली कूच करेंगे। इस दौरान आप नेता योगेन्द्र यादव भी अन्ना के साथ रह सकते हैं।
फिलहाल, अन्ना वर्धा में किसान संगठनों के साथ पदयात्रा का कार्यक्रम तय करने में जुटे हुए हैं। अन्ना हजारे के सहयोगी अनिल शर्मा ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि भूमि अधिग्रहण विधेयक के खिलाफ आंदोलन की पूरी रूपरेखा बुधवार तक तय हो जाएगी।
पदयात्रा की तारीख से लेकर अन्ना हजारे कहां जनसभा करेंगे और कहां रात्रि विश्राम होगा, यह कार्यक्रम निश्चित हो रहा है। अन्ना वर्धा से दिल्ली तक करीब एक महीने की पदयात्रा करेंगे।