पश्चिम बंगाल के महाधिवक्ता बिमल चटर्जी चुनाव आयोग पर की गई अपनी एक टिप्पणी को लेकर विवादों में फंस गए हैं।
चटर्जी ने कलकत्ता हाईकोर्ट में कहा कि राज्य चुनाव आयोग एक 'खूबसूरत महिला' की तरह एक के बाद एक मांग करने में लगा हुआ है।
उनकी इस टिप्पणी पर प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने हंगामा कर दिया है और उनसे इस्तीफे की मांग कर डाली है।
उल्लेखनीय है कि राज्य चुनाव आयुक्त मीरा पांडे हैं। इस टिपण्णी को कांग्रेस ने महिलाओं का अपमान कहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप भट्टाचार्य ने मांग की है कि चटर्जी ने इस तरह की टिप्पणी कर महिलाओं का अपमान किया है और उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।
बाद में दी सफाई
हालांकि चटर्जी ने इस पर बाद में सफाई दी। उन्होंने कहा कि मैंने राज्य चुनाव आयोग पर टिप्पणी की थी, न कि राज्य चुनाव आयुक्त मीरा पांडे पर। वह काफी सम्मानित महिला हैं। आयोग एक संस्था है और मेरी टिप्पणी उसी संदर्भ में थी।
चटर्जी ने कहा कि सरकार के मुताबिक आयोग अपनी मांगों को लेकर मनमानी कर रहा है। वह अपनी मांगें बार-बार बदल रहा है।
तृणमूल कांग्रेस ने की निंदा
मालूम हो कि पंचायती चुनावों को लेकर चुनाव आयोग और राज्य सरकार के बीच मतभेद हैं। मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। ऐसे में समय में महाधिवक्ता का ऐसे बयान ने राज्य सरकार के लिए मुश्किल खड़ी कर दी है।
सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस के सांसद और सीनियर एडवोकेट कल्याण बनर्जी ने कहा कि कोर्ट रूम में एक महाधिवक्ता को इस तरह की टिप्पणी करना शोभा नहीं देता।