पाकिस्तानी गायक अदनान सामी की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। पूर्व पत्नी सबा गलादारी की ओर से दायर किए गए एक मुकदमे के सिलसिले में कोर्ट ने सामी को अपना पासपोर्ट पुलिस के पास जमा करने को कहा है।
गलादरी ने अदनान पर प्रताड़ना का मुकदमा दायर किया है। जस्टिस आरपी सोंदरबालडोटा ने बुधवार को कहा कि उन्हें तुरंत अपना पासपोर्ट जांच अधिकारी के सामने जमा कर देना चाहिए।
सबा गलादरी ने शिकायत की थी हाई कोर्ट ने अदनान को 2009 में अग्रिम जमानत देते समय जो शर्तें रखी थीं उनका वो पूरी तरह पालन नहीं कर रहे हैं। हाई कोर्ट ने उन्हें दो जमानतदार पेश करने के लिए कहा था।
अदनान ने दो जमानतदार पेश कर दिए थे। हालांकि जुलाई में दोनों ने कोर्ट से कह दिया कि वो अब इससे पीछे हटना चाहते हैं। दोनों को इसकी मंजूरी मिल गई।
सबा के वकील महेश जेठमलानी और इडिथ डे ने कहा कि कोर्ट के 2009 के आदेश का उल्लंघन हुआ है। अदनान ने हाल में कोर्ट से विदेश में शो करने के लिए देश छोड़ने की इजाजत मांगी थी।
इस पर कोर्ट ने उन्हें शो का ब्योरा देने के लिए कहा था। लेकिन वह इसे पेश नहीं कर सके। यह मामला कोर्ट में लंबित है और इस पर 23 दिसंबर को फैसला होगा।