विश्वविद्यालय और कॉलेजों में एक साल की जगह दो वर्षीय बीएड और एमएड कोर्स तो शुरू ही होने जा रहे हैं, इनके अलावा कई इंटीग्रेटेड डिग्री और डिप्लोमा कोर्स भी शुरू होंगे। इसके तहत छात्र-छात्रा बारहवीं के बाद अब सीधे एमएड कर सकेंगे। यह कोर्स छह साल का होगा, जिसमें स्नातक और बीएड की पढ़ाई शामिल होगी।
आगामी पांच वर्ष में इस तरह के तकरीबन एक दर्जन डिग्री और डिप्लोमा कोर्स शुरू किए जाएंगे। पूरे देश के विश्वविद्यालय और कॉलेजों में शुरू होने वाले इन नए पाठ्यक्रमों को शुरू कराने में इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए मॉडल कोर्स बनाने की जिम्मेदारी इविवि को दी गई है।
शिक्षा के गिरते स्तर से चिंतित मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने बीएड और एमएड की पढ़ाई में व्यापक फेरबदल का निर्णय लिया है। चंडीगढ़ तथा दिल्ली में कुलपतियों, एकेडमिक स्टॉफ कॉलेजों के निदेशकों और विशेषज्ञों की अलग-अलग बैठकों में इस पर विस्तार से चर्चा हुई और वर्तमान में चल रहे कोर्स के प्रारूप में बदलाव के साथ नए पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया गया।