अभिनेत्री और मथुरा से भाजपा सांसद हेमा मालिनी का 20 साल पुराना सपना साकार होने जा रहा है। महाराष्ट्र सरकार ने उन्हें मुंबई पश्चिम उपनगर अंधेरी में दो हजार वर्गमीटर जमीन आवंटित कर दी है।
इस जमीन पर हेमा के नाट्यविहार कला केंद्र चैरिटी ट्रस्ट की ओर से कला केंद्र भवन का निर्माण किया जाएगा। वहीं, इस बहाने विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।
हेमा मालिनी मुंबई में कला केंद्र भवन निर्माण के लिए 1996 से जमीन की मांग कर रही थी, लेकिन राज्य सरकार ने उनके प्रस्ताव पर कभी गंभीरता से विचार नहीं किया। सूबे में भाजपा की सरकार बनने के बाद हेमा मालिनी ने एक बार फिर भूखंड पाने के लिए प्रयास शुरू किए।
इसको लेकर कुछ दिन पहले उन्होंने राजस्व मंत्री एकनाथ खड़से से मुलाकात की थी। इस बार उनकी मांग को सरकार ने न सिर्फ गंभीरता से लिया, बल्कि अंधेरी के आंबिवली में स्थित दो हजार वर्गमीटर की जमीन देने को लेकर मंजूरी भी दे दी।