अभिनेत्री और डीएमके नेता खुशबू बृहस्पतिवार को कुछ अनजान लोगों के हमले में बाल-बाल बच गई। पुलिस के मुताबिक जब वह होटल से बाहर आ रही थीं, उसी समय कुछ लोगों ने उन पर पत्थर और जूते-चप्पल फेंकने की कोशिश की।
हमला करने वाले नारे लगा रहे थे, ‘खुशबू डीएमके विरोधी है और स्टालिन की विरोधी है।’ लोगों का यह झुंड वहां से भागने में भी कामयाब रहा। खुशबू यहां पर डीएमके से राज्यसभा सांसद तिरुची एन सिवा की बेटी के शादी समारोह में हिस्सा लेने आई थीं। इस समारोह में पार्टी प्रमुख करुणानिधि और उनके बेटे स्टालिन भी मौजूद थे।
खुशबू ने बताया कि चेन्नई स्थित उनके घर पर भी हमला किया गया है। उन्होंने कहा, ‘जब से मुझे एसएमएस के जरिए पता चला है कि चेन्नई में मेरे घर भी कुछ लोगों ने हमला किया है, तब से मैं बहुत चिंतित हूं। मुझे मेरे बच्चों की चिंता सता रही है।’ हाल ही में एक तमिल मैगजीन को दिए गए इंटरव्यू में उन्होंने पार्टी का उत्तराधिकारी चुनने की प्रक्रिया पर टिप्पणी की थी।
माना जा रहा है कि इसी से नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने यह हमले किए हैं। करुणानिधि ने कुछ समय पहले ही सार्वजनिक तौर पर स्टालिन के नाम की घोषणा अपने उत्तराधिकारी के रूप में की थी। खुशबू ने कहा, ‘तमिल मैगजीन को मैंने जो इंटरव्यू दिया, लोगों ने उसे गलत ढंग से लिया है। मैंने स्टालिन के खिलाफ कोई गलत बयानबाजी नहीं की है और न ही मैंने पार्टी के शिष्टाचार का उल्लंघन किया है। मैं पार्टी के प्रति ईमानदार हूं और नेतृत्व की बात मानती हूं।’