बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के खिलाफ एक महिला ने मारपीट तथा दुर्व्यवहार का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि दोनों के बीच हाउसिंग सोसाइटी में पार्किंग की जगह को लेकर विवाद हुआ था। यह महिला सिद्दीकी की ही हाउसिंग सोसाइटी में रहती है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर वर्सोवा थाने में आईपीसी की धारा 354 के तहत केस दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार अभिनेता और महिला के बीच रविवार दोपहर करीब सवा एक बजे विवाद हुआ। बहस के बीच अभिनेता ने महिला को थप्पड़ मार दिया।
पुलिस का कहना है कि कार पार्किंग की जगह को लेकर पिछले कुछ दिनों से झगड़ा चल रहा है। शनिवार को सोसाइटी के पदाधिकारियों ने सिद्दीकी को पत्र लिखकर दोपहिया वाहनों के लिए आरक्षित जगह पर कार नहीं खड़ी करने को कहा था।