ओडिशा के एक सरकारी स्कूल के कर्मचारी द्वारा न्यूड तस्वीर लेने के बाद करीब 60 छात्राओं ने हॉस्टल छोड़ दिया। बृहस्पतिवार को अधिकारियों ने बताया कि गंजम जिला स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के अकाउंटेंट तुलु भुइयां द्वारा कथित तौर पर हॉस्टल के रसोइये की सहायता से छात्राओं की न्यूड तस्वीर लेने की बात सामने आई।
इसके बाद छात्राओं ने हॉस्टल छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पिछले साल पिकनिक के दौरान छात्राओं की तस्वीर क्लिक की थी। उसके कब्जे से कम से कम 22 न्यूड तस्वीरें बरामद हुई हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। स्कूल संचालिका टी अर्न्नापूर्णा पात्रा ने मामले की सूचना डीपीसी को दी। वहीं, बाल कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष एससी दास ने अकाउंटेंट के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
घटना के बाद अकाउंटेंट और रसोइये ने इस्तीफा दे दिया, जबकि वार्डन लंबी छुट्टी में है। पुलिस के मुताबिक 87 में से करीब 60 छात्राएं हॉस्टल छोड़कर चली गई हैं। बाकी छात्राओं की सुरक्षा के लिए एक महिला कांस्टेबल को तैनात किया गया है।