हिमाचल प्रदेश में 12वीं विधानसभा की 68 सीटों के लिए रविवार को मतदान हो रहा है। अपरान्ह 3 बजे तक करीब 60 फीसद मतदान हुआ है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र चौहान ने बताया कि सभी जगह शांतिपूर्ण मतदान जारी है। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
जनजातीय लाहौल स्पीति जिले, चंबा, शिमला और किन्नौर जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड के बीच मतदान चल रहा है। पहले दो घंटों के दौरान ठंड के कारण लोग घरों से कम ही निकले जिसके कारण मतदान की गति धीमी चल रही है लेकिन गर्मी बढते ही मतदान के जोर पकड़ने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश के निचले इलाकों में मतदान गति पकड़ता जा रहा है। अभी तक वोट डालने वालों में महिला मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। राज्य में कुल 7253 मतदान केन्द्रों में इलैक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों से कराया जा रहा है। राज्य के 46 लाख 08 हजार 359 मतदाता कुल 459 उम्मीदवारों के भाज्ञ का फैसला करेंगे।
चुनावी समर में भाग्य आजमा रहे प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, किशन कपूर, राजीव बिंदल, विधान सभा में विपक्ष की नेता विद्या स्टोक्, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष वीरभद्र सिंह, विजय सिंह मनकोटिया, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, राकेश सिंघा और टिकेंद्र सिंह पंवर हैं।