उत्तराखंड में कांग्रेस और मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा को शनिवार को करारा झटका लगा। टिहरी लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राज्यलक्ष्मी शाह ने कांग्रेस प्रत्याशी साकेत बहुगुणा को 22,694 मतों से पराजित कर दिया। साकेत मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के बेटे हैं।
वहीं राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के पुत्र और कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत मुखर्जी ने जंगीपुर लोकसभा उपचुनाव में मामूली अंतर से जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी माकपा के मुजफ्फर हुसैन को 2536 मतों के अंतर से पराजित किया।
टिहरी उपचुनाव में 14 प्रत्याशी मैदान में थे, मगर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच थी। भाजपा से टिहरी राजपरिवार की बहू राज्यलक्ष्मी शाह तो कांग्रेस से स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा के पौत्र और मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के पुत्र साकेत बहुगुणा मैदान में उतरे थे।
सियासत के दो घरानों के बीच कांटे के मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी राज्यलक्ष्मी शाह साकेत को हराने में कामयाब रहीं। राज्यलक्ष्मी को कुल दो लाख 45 हजार 835 मत मिले हैं, जबकि साकेत को 2 लाख 23 हजार 141 मत मिले। बाकी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। 10 अक्तूबर को हुए मतदान में 43 फीसदी मतदाताओं ने अपने वोट डाले थे।
टिहरी उपचुनाव
- राज्यलक्ष्मी शाह-- 2,45,835 मत मिले
- साकेत बहुगुणा-- 2,23,141 मत मिले
- 22,694 मतों से भाजपा उम्मीदवार विजयी
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के पुत्र और कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत मुखर्जी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी माकपा के मुजफ्फर हुसैन को 2536 मतों के अंतर से पराजित किया। मुखर्जी को 3,32,919 मत मिले, जबकि हुसैन को 3,30,383 मत मिले। भाजपा के उधांग्शु विश्वास को 85,876 मत मिले। तृणमूल कांग्रेस ने इस उपचुनाव में अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था। उपचुनाव में 11 प्रत्याशी मैदान में थे। 10 अक्तूबर को हुए इस उपचुनाव में लगभग 60 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
जंगीपुर उपचुनाव
- अभिजीत मुखर्जी--3,32,919 मत मिले
- मुजफ्फर हुसैन-- 3,30,383 मत मिले
- 2536 मतों से कांग्रेस विजयी