यौन दुष्कर्म के आरोपों का सामना कर रहे आध्यात्मिक गुरु आसाराम बापू ने अपने नए बयान से पूरे मामले को सियासी रंग दे दिया है।
आसाराम का कहना है, "मेरे खिलाफ रची साजिश रची जा रही है। यह सारा खेल मैडम-बेटे के इशारे पर खेला जा रहा है।" माना जा रहा है कि यह इशारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल गांधी की तरफ है।
हालांकि, जब उनसे साफ शब्दों में पूछा गया कि क्या वह सोनिया गांधी पर इल्जाम लगा रहे हैं, तो उन्होंने कहा, "मैं किसी पर इल्जाम नहीं लगा रहा। मैं तो सिर्फ वह बता रहा हूं, जो मुझे जानकारी मिली है। आप मीडियावाले मुझसे बार-बार पूछ रहे हैं, इसलिए कह रहा हूं।"
जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या यह सब इसलिए हो रहा है, क्योंकि उन्हें भाजपा से समर्थन मिल रहा है, तो वह भड़क उठे और कहा, "यह गलत बात है। मेरे बचाव में कोई पार्टी नहीं है, सिर्फ मेरे भक्त हैं। यह कहना गलत बात है। आप मुझे ऐसे न सताएं...।"
आसाराम के इशारों-इशारों में सोनिया और राहुल को लपेटने पर कांग्रेस की त्योरियां भी चढ़ गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता जगदंबिका पाल ने कहा, "ऐसा कुछ भी नहीं है। आसाराम संत हैं और उन्हें संतों की तरह बातें करनी चाहिए। इस तरह के उल्टे-सीधे बयान देना उन्हें शोभा नहीं देता।"