आम आदमी पार्टी की तरफ से गाजियाबाद के चुनावी मैदान में उतरीं शाजिया इल्मी के सामने नई मुश्किल खड़ी हो गई है। और मामला इतना संवेदनशील है कि संभलकर कदम उठाना होगा। दरअसल, शाजिया इन दिनों गाजियाबाद में चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं और इसके तहत वह लोकसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में जाकर रोड शो कर रही हैं और मतदाताओं से मुलाकात कर रही हैं।
लेकिन इसी चुनाव प्रचार के दरम्यान उनके एक कदम से बवाल मच गया है। दरअसल, वह कथित तौर पर गाजियाबाद के दूधेश्वर मंदिर गई थीं और वहां उन्होंने शिवलिंग का जलाभिषेक किया और इसी पर बखेड़ा खड़ा हो गया।
मंदिर जाने के सवाल पर भड़कीं
आम आदमी पार्टी की नेता शाजिया इल्मी से जब मंदिर जाने के बारे में पूछा गया, तो वह भड़क गईं। सोमवार को पिलखुवा में रोड शो करने आईं शाजिया इल्मी रोड शो के दौरान सद्दीकपुरा में पहुंचीं।
यहां अब्दुल हमीद चौक पर एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करने के लिए रुकीं। शाजिया ने जैसे ही माइक संभाला, तभी आप कार्यकर्ताओं के बीच में खडे़ मोहल्लावासी इकराम ठेकेदार ने उन्हें एक अखबार की प्रति दिखाते हुए पूछा कि पहले वह यह बताएं कि वह बीते दिनों गाजियाबाद स्थित दूधेश्वर मंदिर में क्या करने गई थीं? इस पर शाजिया भड़क उठीं।
मीडिया पर जमकर भड़ास निकाली
शाजिया इल्मी ने मीडिया पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि एक अखबार में केजरीवाल को मोदी के पैर छूते दिखाया गया है, तो क्या केजरीवाल मोदी के पैर छूएंगे? यह मीडिया का दुष्प्रचार है।
उन्होंने कहा कि लोगों को मीडिया की खबरों पर विश्वास नहीं करना चाहिए। उन्होंने अखबार के पत्रकार को बुरा-भला कहा। यहां उन्होंने कहा कि भाजपा और सपा ने देश को बांटा है। हिंदू-मुसलमान एकजुट होकर अपनी बेटी व बहन शाजिया को जिताएं, तभी देश से भ्रष्टाचार समाप्त हो सकता है। शाजिया गांव सिखैड़ा भी गईं।
भ्रमित न हों लोगः शाजिया
उन्होंने कहा, "वहां एक इंसान कोई उर्दू अखबार लेकर आया और कहने लगा कि आप मुस्लिम ही नहीं हो। इस पर मैंने कहा कि मैं सभी धर्मों का आदर करती हूं। सभी धर्मस्थलों पर जाती हूं। कुछ लोग मुस्लिम क्षेत्रों में मेरे मंदिर जाने और हिंदू क्षेत्रों में मजार में जाने की फोटो दिखाते हैं। मैंने ऐसे दुष्प्रचार करने वाले से सावधान रहने की बात कही थी।"
शाजिया अब सफाई भी दे रही हैं और नाराजगी का इजहार भी कर रही हैं, लेकिन यह मामला इतना पेचीदा है कि इसमें संभलकर बोलना होगा, क्योंकि वो गाजियाबाद के मुस्लिम वोटों को नजरअंदाज नहीं कर सकतीं।
शाजिया के नामांकन पर जताई आपत्ति
इस बीच सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान नैतिक पार्टी के लोगों ने आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी शाजिया इल्मी के नामांकन पर आपत्ति जताई, लेकिन जिला निर्वाचन अधिकारी ने आपत्ति को प्रिंटिंग की गलती मान नामांकन स्वीकार कर लिया।
शाजिया के नामांकन में कैलाश, नई दिल्ली भाग संख्या 121 में 444 नंबर पर अंकित था। जबकि मतदाता सूची में उनका नाम भाग संख्या 121 के 432 नंबर पर था। इस पर नैतिक पार्टी के उम्मीदवार विश्वदीप त्यागी ने आपत्ति की थी।