महाराष्ट्र को सूखा मुक्त कराने के लिए राज्य सरकार जलयुक्त शिवार अभियान चलाने की तैयारी में है। सरकार अभिनेता आमिर खान को इस अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनाना चाहती है। हालांकि आमिर ने कहा है कि पटकथा पढ़ने के बाद ही वह इस बारे में कोई फैसला लेंगे।
आमिर को अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनाने के लिए राज्य की जल संरक्षण मंत्री पंकजा मुंडे खुद उनके घर गई थीं। दोनों के बीच करीब तीन घंटे तक बातचीत हुई।
आमिर ने सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना के बारे में कई जानकारी हासिल की। पंकजा ने बताया कि फिलहाल आमिर की टीम जलयुक्त शिवार अभियान का अध्ययन कर रही है।
टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद वह इससे जुड़ने के बारे में कोई अंतिम निर्णय लेंगे। जलयुक्त शिवार अभियान के तहत जगह-जगह छोटे-छोटे बांध बनाए जा रहे हैं और नदी-नालों को गहरा किया जा रहा है, ताकि भूमिगत जल के स्तर को ऊपर उठाया जा सके।