2:28 बजे: AAP के सरकार बनाने के फैसले पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह का ट्वीट, 'दिल्ली की सरकार को मुख्यमंत्री के तौर पर अपनी सेवा देने के लिए अरविंद केजरीवाल को बधाई। मुझे यकीन है कि वे अपने वादे पूरे करेंगे। केजरीवाल की सफलता अब उन लोगों को चुनावी राजनीति में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित करेगी जो राजनीति और नेताओं की कड़ी आलोचना करते हैं।'
2.22 बजे: आम आदमी पार्टी के नेता प्रशांत भूषण ने कहा, 'जनता चाहती है कि AAP दिल्ली में सरकार बनाए, इसलिए हमने कांग्रेस का समर्थन स्वीकार किया।'
2.10 बजे: भाजपा नेता डॉ. हर्षवर्धन बोले, विपक्ष में बैठने के फैसले पर हमें कोई अफसोस नहीं है।
2 बजेः राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने दिल्ली के उप-राज्यपाल नजीब जंग से कहा है कि वह नए मुख्यमंत्री के शपथ लेने का कार्यक्रम तय करें। उन्होंने निर्देश दिए कि शपथ की तारीफ तय की जाए।
1.45 बजेः दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस, आम आदमी पार्टी को बिना शर्त समर्थन नहीं दे रही। यह समर्थन मुद्दों को लेकर दिया जा रहा है।
1.30 बजेः शीला दीक्षित ने कहा कि आम आदमी पार्टी को शब्दों पर संयम बरतना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सही भाषा का इस्तेमाल जरूरी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना संभव ही नहीं है।
1 बजेः अरविंद केजरीवाल ने बताया कि उन्होंने उप राज्यपाल को चिट्ठी सौंपकर दिल्ली में सरकार बनाने का दावा पेश किया है। उप राज्यपाल का कहना है कि वह यह प्रस्ताव राष्ट्रपति के पास भेजेंगे। उप राज्यपाल ने रामलीला मैदान में शपथ लेने का सुझाव दिया है।
12.30 बजेः आम आदमी पार्टी के सरकार बनाने के फैसले पर अन्ना हजारे ने कहा, नो कमेंट। सोमवार सुबह उन्होंने केजरीवाल को बधाई दी थी।
12.10 बजेः उपराज्यपाल नजीब जंग से मिलने अरविंद केजरीवाल पहुंचे।
12.00 बजेः शीला दीक्षित और डॉ. हर्षवर्द्धन ने आम आदमी पार्टी को दिल्ली में सरकार बनाने के फैसले पर बधाई दी है।
11.50 बजेः पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने साफ किया है कि कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को केवल मुद्दों पर समर्थन दिया है।
11.42 बजेः कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि यदि 'आप' जनता के लिए बेहतर काम करती है तो कांग्रेस पांच साल तक उसे समर्थन देती रहेगी।
11.38 बजेः भाजपा के डॉ. हर्षवर्द्धन ने कहा कि कांग्रेस के समर्थन से 'आप' का सरकार बनाना जनता के साथ विश्वासघात है।
11.35 बजेः आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रशांत भूषण ने उस बयान से इनकार किया है कि जिसमें कहा गया था कि कांग्रेस के साथ आप का गठजोड़ अलोकतांत्रिक है।
11.22 बजेः अरविंद केजरीवाल ने बताया कि वह उप राज्यपाल को चिट्ठी देने जा रहे हैं कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में सरकार बनाने के लिए तैयार है।
11.21 बजेः मनीष सिसोदिया ने कहा कि पार्टी को 5,23,000 एसएमएस मिले। इनमें से अधिकतर लोगों ने सरकार के पक्ष में अपनी राय दी।
11.20 बजेः पार्टी नेता मनीष सिसोदिया ने बताया कि 280 जनसभाओं में 257 में जनता का फैसला यह था कि आम आदमी पार्टी को सरकार बनानी चाहिए।
11.10 बजेः आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में सरकार बनाने का फैसला किया है। अरविंद केजरीवाल 26 दिसंबर को जंतर मंतर पर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
11.05 बजेः आम आदमी पार्टी के विधायकों को ट्रेनिंग दी जाएगी कि सरकार कैसे चलाई जानी है। यह वर्कशॉप दिल्ली के कॉन्सटीट्यूशन क्लब में होगी।
11 बजेः सीएम बनने पर अरविंद केजरीवाल की शपथ को लेकर भी कयासबाजी शुरू हो गई है। ऐसा कहा जा रहा है कि वह जंतर मंतर, रामलीला मैदान या राजघाट पर शपथ ले सकते हैं।
10.50 बजेः आम आदमी पार्टी 11 बजे संवाददाता सम्मेलन कर अपने फैसले से अवगत कराएगी। उप-राज्यपाल से पार्टी की मुलाकात 12.30 बजे होनी है।
10.47 बजेः समाजसेवी अन्ना हजारे ने अरविंद केजरीवाल को आशीर्वाद दिया। उन्होंने दिल्ली चुनावों में आप की जीत पर शुभकामनाएं दी थीं।
10.45 बजेः गाजियाबाद के कौशांबी में आम आदमी पार्टी के नेताओं की अहम बैठक जारी है।