अमूमन लोग सांप के नाम से ही डर के मारे कांप उठते हैं लेकिन गुरुवार को आगरा के फतेहाबाद में एक अजीब घटना हुई। जो चर्चा का विषय बनी हुई है। घर के बाहर पडे़ कूड़े के ढेर पर बैठे शराबी युवक राजेश को सांप ने हाथ में डस लिया।
इस पर गुस्साए राजेश ने सांप को पकड़ लिया और उसके फन को मुंह से चबाकर मार डाला। सांप को मारने के बाद राजेश बिना किसी परेशानी के जीवित है।
फतेहाबाद के मोहल्ला कानूनगोयान मठ बाली माता के सामने रहने वाला राजेश (25) पुत्र चंदा देवी शराब और चिलम पीने का आदी है। गुरुवार दोपहर लगभग एक बजे वह शराब के नशे में घर के बहार पडे़ कूड़े के ढेर पर बैठा था। तभी कहीं से आए काले सांप ने उनके हाथ में डस लिया। सांप के काटने पर राजेश डरा घबराया नहीं बल्कि उन्हें गुस्सा आ गया।
उन्होंने सांप को पकड़ लिया और उसका फन अपने मुंह में रख चबा डाला। इससे सांप मार गया। यह देख आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। हर कोई राजेश के किए से अचंभित था। वहीं, यह सब करने के बाद राजेश बिना किसी परेशानी और खौफ के गांव में घूमता रहा। उसे सांप के काटने का कोई असर नहीं हुआ।