राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में शनिवार को जमकर बारिश हुई। पूर्वांचल को छोड़कर समूचा उत्तर भारत बारिश से लबालब रहा।
मौसम विभाग ने आगामी 22 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का आशंका जताई है। बारिश की आशंका को देखते हुए इन राज्यों में रेड वार्निंग जारी की गई है।
शनिवार को हुई बारिश में जम्मू-कश्मीर में 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें पुंछ में सड़क दुर्घटना में 4 और जम्मू में मकान गिरने से 1 की मौत हुई।
वहीं, दिल्ली में हुई जबरदस्त बारिश के चलते शनिवार को पूरे दिन सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही। सड़कों पर बारिश का पानी भरने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भारी बारिश के चलते राजधानी के कई इलाकों में पेड़ टूटकर गिर गए, जिससे इन इलाकों में बिजली सप्लाई भी बाधित हुई।
दिल्ली के आईटीओ, लक्ष्मी नगर, मोती बाग, कश्मीरी गेट, मुनिरका, द्वारका और धौला कुंआ में सबसे ज्यादा जाम की समस्या आई।
हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में शुक्रवार को सामान्य से अधिक बारिश हुई। राजधानी शिमला में भी दोपहर करीब एक बजे कुछ देर बारिश हुई।
चंबा में सबसे अधिक 54 मिलीमीटर और धर्मशाला में 32.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा शिमला में 2, पालमपुर में 12, कांगड़ा में 7.8 एमएम बारिश हुई है।
शिमला मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि आने वाले 48 घंटों में कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।