रामपुर के मिलक-बिलासपुर मार्ग पर सिमरिया मोड़ के पास स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे पिक-अप वाहन में एक टैंकर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन बच्चों की मौके पर मौत हो गई और 14 घायल हो गए।
घायलों को बरेली और रामपुर में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
हादसे की सूचना पर डीएम-एसपी सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। डीएम ने हादसे में मृत और घायल बच्चों के परिजनों को मुआवजा देने की सिफारिश शासन से कर दी है।
पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही स्कूल प्रबंधक के खिलाफ भी मुकदमा कराया गया है।
हादसे में 14 बच्चे घायल
बुधवार की सुबह मिलक थाना क्षेत्र के सिलईबड़ा गांव के मजरा सिंहपुरा और हिम्मतगंज के बच्चे पिकप से सिमरा स्थित विद्या कन्या इंटर कॉलेज आ रहे थे।
जैसे ही पिकप मिलक-बिलासपुर रोड पर आया मिलक की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पिक-अप वैन सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
हादसे में मौके पर ही तीन बच्चों हरमन सिंह, सर्वजीत कौर और कौशल की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों और राहगीरों ने घायल बच्चों को पिकप से बाहर निकाला।
डीएम ने किया मुआवजे का ऐलान
डीएम ने आश्वासन दिया कि वो हादसे में मृत व घायल बच्चों को परिजनों को मुआवजा देने की सिफारिश शासन से करेंगे। इसके बाद बच्चों का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
इस मौके पर जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी ने कहा, "इस दुखद घटना में मृत और घायल बच्चों के परिजनों को मुआवजा दिए जाने की सिफारिश शासन से कर दी गई है। घायलों के बेहतर इलाज के लिए बरेली प्रशासन से बात की गई है। बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। मिलक-बिलासपुर मार्ग पर जहां-जहां भी सड़क किनारे स्कूल हैं, वहां स्पीड ब्रेकर बनाया जाएगा।"