यूपी में बिजनौर के नजीबाबाद मार्ग पर शनिवार सुबह गांव स्वाहेड़ी के निकट कोहरे के कारण रोडवेज बस और ट्रक की भिड़ंत में दो महिला समेत तीन यात्रियों की मौत हो गई। बस में सवार 12 यात्री घायल हो गए। छह घायलों को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है।
उत्तराखंड डिपो की बस शनिवार सुबह करीब आठ बजे कोटद्वार से दिल्ली जा रही थी। एक ट्रक बिजनौर से नजीबाबाद की ओर जा रहा था। गांव स्वाहेड़ी के निकट बस और ट्रक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। बस की दाईं साइड के परखच्चे उड़ गए।
बस में सवार रुद्रप्रयाग के गांव नोला निवासी विनोद की पत्नी पिंकी (28) और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिसकी पहचान नहीं हो सकी। बस में सवार कोटद्वार के गांव लालपुर निवासी कुलदीप की पत्नी मीनाक्षी रावत की भी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल कुलदीप (30) के अलावा, कोटद्वार के गांव रतनपुर निवासी भोपाल सिंह की पत्नी राजोदेवी (80), कोटद्वार निवासी विजय कर्णवाल(47), सुदर्शन की बेटी सोनाली(17) , कोटद्वार के गांव मानपुर निवासी चिरंजीलाल (45), कोटद्वार निवासी बालम सिंह नजीबाबाद के गांव खाईखेड़ी निवासी दिलशाद की पत्नी रिजवाना और उसका पुत्र आमिर (5), किरतपुर थाने के गांव भनेड़ा निवासी साजिद की पत्नी फुरकाना (27), पुत्री मुस्कान (12), पुत्र रिहान (8) और बिजनौर क्षेत्र के गांव सिरधनी निवासी अलीहसन (45) को जिला अस्पताल लाया गया।