भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर अमित शाह की आज दोबारा से ताजपोशी होगी। उनकी ताजपोशी के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शाह इस पद के लिए रविवार सुबह करीब 10 बजे केंद्रीय संगठन चुनाव अधिकारी अविनाश राय खन्ना के सामने नामांकन करेंगे। उनका चुनाव निर्विरोध रूप से होगा। दोपहर 12:30 तक उनकी ताजपोशी का औपचारिक ऐलान हो जाएगा।
शनिवार को ही राज्यों से आए नेताओं ने संगठन महामंत्री रामलाल के समक्ष उपस्थित होकर शाह के पक्ष में नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर किए।
ताजपोशी के वक्त पार्टी शासित सभी मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार के मंत्री उपस्थित रहेंगे। सभी वरिष्ठ राज्यस्तरीय नेताओं और प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने दिल्ली में शनिवार से ही डेरा डाल दिया है। भाजपा शासित राज्यों के दिल्ली स्थित सभी भवन भरे हुए हैं। सभी नेता अपने राज्य के भवन में जुटे हैं।