दिल्ली के तिहाड़ की जेल संख्या तीन में रविवार शाम कैदियों के दो गुटों के बीच जमकर लाठी, डंडे चले। झड़प में 22 कैदी जख्मी हो गए।
जेल कर्मियों ने तेरह का तिहाड़ परिसर में ही बने अस्पताल में ही इलाज करवाया जबकि नौ घायल कैदियों को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने चार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी जबकि पांच का उपचार चल रहा है। दो कैदियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम चार बजे जेल संख्या तीन के कुछ कैदियों के बीच आपस में कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद दो गुटों में बंटे कैदियों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडे और लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमले के दौरान नौ कैदियों के सिर फटे और पेट में अंदरूनी चोट आई।
हमले के दौरान हाथ से तैयार धारदार हथियार का भी इस्तेमाल किया गया। कैदियों के लड़ने की सूचना मिलते ही जेल में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने बीच बचाव किया और दोनों गुटों को अलग किया।
पुलिस की जांच में पता चला है कि कैदियों के बीच पहले से चल रही रंजिश की वजह से यह घटना घटी है। इस जेल संख्या में ऐसे कैदियों को रखा जाता है जो बार-बार वारदातों को अंजाम देते हैं।