विश्व कप क्रिकेट 2015 के दौरान टेलीविजन चैनल पर आया विज्ञापन मौका-मौका अब बीसीसीआई के लिए आफत बन गया है। एक समय पाकिस्तान के प्रशंसको का मजाक उड़ाने वाला यह विज्ञापन अब बीसीसीआई के सिर में दर्द कर रहा है।
विश्व कप क्रिकेट 2015 में भारतीय टीम की सेमीफाइनल मैच में 95 रनों से हुई हार के बाद से मौका-मौका एक विज्ञापन से ही भारतीय टीम का मजाक उड़ाया जा रहा है।
अब बीसीसीआई के ऑफिस में पड़ोसी देश पाकिस्तान और बांग्लादेश से करीब 200 फोन आ चुके हैं। सभी कॉलर यही पूछ रहे हैं कि क्या हुआ मौके-मौके का?
गौरतलब है कि स्टार स्पोर्ट्स ने अपने विज्ञापन में एक पाकिस्तान के प्रशंसक पर निशाना साधा था। जो पिछले 23 सालों से भारतीय टीम के खिलाफ पाकिस्तान की जीत का इंतजार वर्ल्ड कप में कर रहा है।
पर इस बार भी उसको निराशा ही हाथ लगती है। विज्ञापन में दिखाया गया था कि किस तरह से पाकिस्तानी प्रशंसक अपने पुराने पटाखे लेकर आता है कि पाकिस्तान की जीत पर जलाएंगा। पर वह फिर पटाखे नहीं जला पाता है।