करीब 200 आतंकी सीमा पार से जम्मू-कश्मीर के रास्ते भारत में घुसने की फिराक में हैं। मगर सेना ने इस तरह के प्रयासों को रोकने के लिए पूरी रणनीति बना ली है।
सेना के जनरल ऑफिसर कमांडिंग 16वीं कोर के लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा ने कहा, ‘लगभग 200 आतंकी एलओसी के जरिए भारतीय सीमा में घुसने की फिराक में हैं।
करीब 20 से 30 आतंकी ट्रेनिंग कैंप नियंत्रण रेखा के पास चल रहे हैं, लेकिन किसी भी तरह की घुसपैठ को रोकने के लिए पूरे उपाय किए जा चुके हैं।’
उन्होंने कहा कि एलओसी पर उच्च स्तर की निगरानी रखी जा रही है ताकि कोई भी घुसपैठ नहीं कर सके।
पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में चीनी सेना की मौजूदगी से संबंधित रिपोर्टों के बारे में उन्होंने कहा, ‘सीमा के उस पार कुछ विकास कार्य चल रहा है। हमें ऐसी कोई सूचना नहीं है कि सीमा के उस पार चीनी सेना मौजूद है।’
पाकिस्तान में होने वाले आम चुनावों का कश्मीर की स्थिति पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में सेना के इस अधिकारी ने कहा, ‘हम नहीं जानते कि क्या होने वाला है, किस तरह की व्यवस्था वहां होने वाली है।
अभी इन सब मुद्दों पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी। मगर हम अपनी ओर से उच्च स्तरीय निगरानी बनाए रखेंगे।’