शहर के बाहरी इलाके में स्थित अयातपुर सरकारी स्कूल की एक कक्षा में सोमवार को हुए हल्के बम विस्फोट से 20 छात्र घायल हो गए।
नित्य प्रार्थना के थोड़ी देर बाद हुए विस्फोट के समय कक्षा चार में 58 छात्र मौजूद थे।
घायल छात्रों को एससीबी मेडिकल कालेज हास्पिटल में भर्ती कराया गया। सभी छात्रों की श्रव्य क्षमता में अस्थायी रूप से दिक्कत रही। पांच छात्रों के पांव भी जल गए।
स्कूल की प्रधान पाठिका पार्वती मोहंती ने बताया कि पहली मंजिल की कक्षा में पहले पीरियड के दौरान विस्फोट हुआ। छात्रों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि एक छात्र के बैग में बम रखा था।
जब उसने बैग से किताब निकाली तो विस्फोट हो गया। सूत्रों के अनुसार हादसे के बाद स्कूल में छुट्टी कर दी गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच कर रही है। कक्षा में बम कैसे आया इसका पता नहीं लग सका है।