दो चरणों में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो गई है। विधानसभा के 182 सीटों के लिए 1666 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस बार 161 सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।
सोमवार रात नामांकन पत्रों के जांच का काम पूरा हो गया। 13 दिसंबर को होने वाले पहले चरण में 87 सीटों के लिए करीब 846 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि 17 दिसंबर को दूसरे चरण के लिए 95 सीटों पर 820 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। कुल 182 सीटों पर 367 निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारें हैं, जबकि कांग्रेस ने 181 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल विसावदर सीट से अपनी गुजरात परिवर्तन पार्टी के टिकट पर चुनाव लड रहे हैं।